शाहपुर। विश्व विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम की गौरवशाली खिलाड़ी और काकड़ा निवासी अनु कुमारी सेन के लिए शाहपुर कस्बे के प्राचीन शिव मंदिर परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। भारतीय योग संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारियों ने अनु कुमारी को पटका पहनाकर और मां सरस्वती का छायाचित्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्राचीन एकांतेश्वर धाम जुड़ी वाला मंदिर से जुड़े पदाधिकारी रजत बंसल ने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर से लाए गए पवित्र रुद्राक्ष भेंट कर खिलाड़ी को आशीर्वाद दिया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने अनु कुमारी की मेहनत, लगन और उपलब्धियों की विशेष सराहना की।
मास्टर मांगेराम सैनी ने कहा कि अनु कुमारी ने अपने दमदार खेल प्रदर्शन से न सिर्फ क्षेत्र का बल्कि देश का नाम रोशन किया है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर विश्व विजेता बनने का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत है, जो यह साबित करता है कि गांव की बेटियां किसी भी स्तर पर सफलता हासिल कर सकती हैं।डॉ. राजीव कुमार ने अनु कुमारी के अनुशासन, फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण को उनकी सबसे बड़ी ताकत बताया और खिलाड़ियों से उनसे प्रेरित होने का आह्वान किया। डॉ. लोकेन्द्र बालियान ने कहा कि अनु कुमारी ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और कठोर अभ्यास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि पूरे मुजफ्फरनगर जनपद के लिए गौरव का विषय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणादायी मिसाल है। इस अवसर पर मुल्कीराज सैनी, अजय कुमार, डॉ श्याम सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।















