जिला अस्पताल में गुडविल सोसायटी ने किया कंबल वितरण,

मुजफ्फरनगर के स्थानीय जिला अस्पताल (पुरुष) में सामाजिक सरोकार का एक सराहनीय उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब गुडविल सोसायटी की ओर से सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुडविल सोसायटी के अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल एवं सचिव होतीलाल शर्मा अपनी पूरी टीम के साथ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर संजय वर्मा के कार्यालय पहुंचे और अस्पताल में इलाज करा रहे निर्बल वर्ग के रोगियों, उनके साथ आने वाले तीमारदारों तथा चिकित्सालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए 51 कंबल जिला चिकित्सालय को भेंट किए।इस कंबल वितरण कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर प्रवीण त्रिवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर संजय वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान गुडविल सोसायटी के पदाधिकारी एवं सदस्य भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी अतिथियों और सदस्यों ने मिलकर जिला अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर जरूरतमंद मरीजों और कर्मचारियों को अपने हाथों से कंबल वितरित किए।कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में मानवीय संवेदना और सेवा का वातावरण देखने को मिला। सर्दी के मौसम में अस्पताल में भर्ती गरीब एवं असहाय मरीजों के लिए यह सहयोग किसी बड़ी राहत से कम नहीं था। तीमारदारों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने भी इस पहल के लिए गुडविल सोसायटी का आभार व्यक्त किया।अपने संबोधन में उपजिलाधिकारी सदर प्रवीण त्रिवेदी ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और रचनात्मक कार्य समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने गुडविल सोसायटी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और समाज के बीच इस तरह का सहयोग जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया और सीएमएस डॉक्टर संजय वर्मा ने भी गुडविल सोसायटी के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि अस्पताल प्रशासन को ऐसे सामाजिक संगठनों का सहयोग मिलने से मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts