दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर पिनान के रेस्ट एरिया से शुरू हुई हेलीकॉप्टर सेवा, दुर्घटनाओं में गोल्डन आवर रेस्क्यू को मिलेगी नई गति

अलवर जिले के पिनान कस्बे में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर 125 किलोमीटर पायदान पर बने रेस्ट एरिया से हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया गया है। “बुक योर हेलीकॉप्टर” कंपनी द्वारा शुरू की गई यह सेवा यात्रियों की सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं और एक्सप्रेसवे पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यह मार्ग देश के सबसे व्यस्त हाईवे में से एक है, जहाँ रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और दुर्घटनाओं की स्थिति में गोल्डन आवर के भीतर चिकित्सा सुविधा दिलाना चुनौती बन जाता है।

कंपनी के प्रवक्ता मनीष कुमार सुनारी के अनुसार इस सेवा का प्राथमिक उद्देश्य सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल ले जाने के लिए एयरलिफ्ट करना है। अक्सर एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना के बाद एम्बुलेंस को घटनास्थल तक पहुँचने में देरी हो जाती है, जिससे घायल की जान जोखिम में पड़ जाती है। ऐसे में हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत एक्सप्रेसवे सुरक्षा प्रणाली को एक नई मजबूती प्रदान करेगी। यह त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन के माध्यम से कई जिंदगियों को बचाने में कारगर साबित होगी।

इस पूरी परियोजना को सफल बनाने में NHAI, NHLML और पथ इंडिया लिमिटेड का तकनीकी और प्रबंधकीय सहयोग अहम रहा। इन संस्थाओं ने हेलीपैड निर्माण, अनुमतियाँ, रूट प्लानिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं अलवर सांसद और केंद्रीय कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन से परियोजना को केंद्र और राज्य स्तर पर आवश्यक अनुमतियाँ तेज गति से प्राप्त हुईं। इसके साथ उनके सहयोगी आयुष सहारण ने भी विभागों के समन्वय में प्रभावी भूमिका निभाई।

रेस्ट एरिया में बनाया गया हेलीपैड अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित किया गया है। इसमें एक साथ आठ हेलीकॉप्टर पार्क किए जा सकते हैं। रात में उड़ान संचालन के लिए हाई–इंटेंसिटी लाइटिंग, पायलटों के लिए उन्नत नेविगेशन सिस्टम, आधुनिक वेटिंग लाउंज तथा आपात स्थितियों के लिए कंट्रोल रूम जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यह हेलीपैड उच्च सुरक्षा तथा संचालन क्षमता वाला बन सका है।

कंपनी ने बताया कि जल्द ही इस सेवा का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा, जो राजस्थान पर्यटन विभाग के साथ मिलकर संचालित होगा। इसमें अरावली पर्वतमाला, ऐतिहासिक धरोहरें, प्रमुख धार्मिक स्थल और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के लिए जॉय राइड तथा एरियल टूर शुरू किए जाएंगे। इससे राजस्थान में हेलीकॉप्टर पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और पर्यटन उद्योग को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

इस नई हेलीकॉप्टर सेवा के शुरू होने से एक्सप्रेसवे पर यात्रा कर रहे लाखों यात्रियों को आपातकाल में त्वरित सहायता मिल सकेगी। साथ ही दुर्घटना राहत कार्यों में गति आने से जीवन रक्षा के अवसर बढ़ेंगे। भविष्य में प्रस्तावित पर्यटन सेवाएँ अलवर सहित आसपास के जिलों में आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई रफ़्तार देंगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts