बांदा। उत्तर प्रदेश को देश का पहला गरीबी मुक्त राज्य बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो पावर्टी (शून्य गरीबी) नीति जनपद बांदा के गावों में खुशहाली की नई इबारत लिख रही है। इसी कड़ी में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से आयोजित श्प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0के सजीव प्रसारण के दौरान जनपद के 1026 लाभार्थियों के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। यह आयोजन मात्र एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि बाँदा को अभावों से मुक्त करने के योगी सरकार के बड़े विज़न का हिस्सा है। जिले की 471 ग्राम पंचायतों में चिह्नित हजारों अति निर्धन परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी नीति के तहत हर पंचायत से सबसे गरीब परिवारों का चयन कर उन्हें आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। गरीबी उन्मूलन की इस प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए माप मोबाइल ऐप का सहारा लिया गया है। इस ऐप के जरिए कर्मचारियों ने मौके पर जाकर लाभार्थियों का डिजिटल सत्यापन किया है। जिससे अपात्रों की छंटनी हुई और वास्तविक गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचना सुनिश्चित हुआ है। जिससे अब सत्यापित डेटा के आधार पर लोगों को सीधे लाभ दिया जा रहा है, जिससे बिचौलियों का खेल पूरी तरह खत्म हो गया है। कार्यक्रम में मौजूद नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला और अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका श्रीशचंद्र ने कहा कि योगी सरकार का यह अभियान विकास का एक ऐसा मॉडल बन रहा है जहाँ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की चिंता सरकार खुद कर रही है। लाभार्थियों ने एक स्वर में मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पक्का आवास मिलने और अन्य योजनाओं से जुड़ने के बाद अब उनके जीवन में आत्मविश्वास लौटा है।















