ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज GFS Galaxy पर हुए हमले की भारत सरकार ने कड़ी निंदा की है. विदेश मंत्रालय ने रविवार को जारी बयान में बताया कि जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को अब तक सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और चलाए जा रहे सर्च एंड रेस्क्यू (खोज एवं बचाव) अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है. भारत ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी जाहिर किया है.भारत ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं. सरकार ने सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और जारी वार्ताओं को सफल बनाकर कूटनीतिक समाधान निकालने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके.
‘ऐसी घटनाएं तुरंत बंद होनी चाहिए’
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की घटनाएं तुरंत बंद होनी चाहिए. साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप समुद्री मार्गों पर निर्बाध और सुरक्षित नौवहन तथा व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए.
अमेरिका-ईरान के बीच तनाव बढ़ा
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नेवी ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से गुजर रहे GFS गैलेक्सी जहाज पर हमला किया, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ फिर से हवाई हमले का आदेश दिया. कमांड ने बताया कि ईरानी हमले से इंजन रूम में आग लग गई और जहाज को काफी नुकसान पहुंचा, जिससे कंटेनर जहाज अपनी यात्रा जारी नहीं रख सका.IRGC नेवी ने एक बयान में कहा कि GFS गैलेक्सी ने अपने सिस्टम बंद करके समुद्री सुरक्षा को खतरे में डाला था, इसलिए उस पर हमला करके उसे रोक दिया गया. उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को बंद करने की भी घोषणा की.















