मुजफ्फरनगर में दिव्यांग बच्चों के लिए निशुल्क उपकरण वितरण शिविर आयोजित

मुजफ्फरनगर। शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय नगरीय क्षेत्र में विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के लिए एलिम्को कानपुर के सहयोग से भव्य निशुल्क उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला पंचायतराज अधिकारी रेनू श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान विश्वदीपक त्रिपाठी तथा बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रेनू श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक शिक्षा आज एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन दिव्यांगता किसी भी प्रकार से बच्चों की क्षमताओं में बाधा नहीं बन सकती। आज सभी बच्चे समान हैं और दिव्यांग बच्चे भी सामान्य बच्चों की तरह शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ने के साथ इन बच्चों के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं, जिन्हें आगे बढ़ाने में परिवार और विद्यालय दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने साथ-साथ आसपास के बच्चों को भी विद्यालयों में नामांकन अवश्य कराएं ताकि उन्हें शिक्षा के साथ सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब अधिक से अधिक बच्चे विद्यालय से जुड़े रहेंगे।

प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान विश्वदीपक त्रिपाठी ने कहा कि सरकार की मंशा एवं योजनाओं के अनुरूप बेसिक शिक्षा विभाग और एलिम्को कानपुर के संयुक्त प्रयास से दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण प्रदान कर उनकी प्रतिभा और क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। ऐसे शिविर न केवल बच्चों के लिए सहायक साबित होते हैं बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत बनाते हैं।

विशिष्ट अतिथि बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे दिव्यांग बच्चों के शिक्षण को और अधिक सरल व सुगम बनाने के लिए सहायक उपकरणों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बच्चे भविष्य में किसी भी प्रकार की संरक्षण, पोषण एवं कल्याण से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए समिति से संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक समेकित शिक्षा सुशील कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 70 बच्चों को 15 ट्राईसाइकिल, 16 व्हीलचेयर, 3 सीपी चेयर, 24 मानसिक दिव्यांग बच्चों की किट, 16 मूक-बधिर बच्चों को हियरिंग एड, 2 रोलेटर और 1 बैसाखी वितरित की गई। एलिम्को कानपुर से आए विशेषज्ञ पीएंडओ आगम आलोक और ऑडियोलॉजिस्ट सूरज कुमार द्वारा अभिभावकों को उपकरणों के उपयोग और देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

निशुल्क उपकरण वितरण शिविर के सफल आयोजन में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की वार्डन बबीता का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में पूनम चौहान, रेनू धर्मेंद्र, फरमान, रोशनलाल, इरशाद अहमद, आदित्य प्रकाश, अंगनपाल सिंह, रामनिवास, धर्मेंद्र कुमार तथा धर्मेंद्र स्वरूप जैन सहित कई स्पेशल एजुकेटरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts