खतौली में फायरिंग करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार, पिस्टल व दो कारें बरामद

मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र में एनएच-58 स्थित पंचगंगा होटल पर होटल मालिक को गोली मारकर फरार हुए चार आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, दो लग्जरी वाहन, पांच मोबाइल फोन तथा 1 लाख 20 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार देर रात एनएच-58 स्थित पंचगंगा होटल पर दो गाड़ियों में सवार कुछ युवक पहुंचे थे। होटल पर सिगरेट खरीदने को लेकर होटल स्टाफ और युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने होटल मालिक नदीम पुत्र अमीर अहमद निवासी लाल मोहम्मदपुर थाना खतौली पर फायरिंग कर दी। गोली नदीम के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना खतौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय और थाना प्रभारी खतौली दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। वादी की तहरीर के आधार पर थाना खतौली में मुकदमा अपराध संख्या 172/2026 धारा 109(1), 309(4) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और चेकिंग अभियान के माध्यम से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की एक लाइसेंसी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, थार कार नंबर यूपी 16 एफक्यू 3410, ब्रेजा कार नंबर 26बीएच4304बी, पांच अन्य मोबाइल फोन तथा 1,20,900 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। थाना खतौली पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts