बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं की सुविधा हेतु जल्द ही आवासीय हॉस्टल का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने इस परियोजना का शिलान्यास किया। योजना के अंतर्गत तीन खंडीय भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसकी क्षमता 100 बेडेड हॉस्टल की होगी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा इस परियोजना के लिए 906.21 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से 453.105 लाख रुपये की राशि अवमुक्त कर दी गई है। सदर विधायक ने बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद बीएससी नर्सिंग के कोर्स करने वाले दूर-दराज के छात्रों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय सुविधा कॉलेज परिसर में ही उपलब्ध हो सकेगी।
भवन निर्माण के साथ-साथ इस परियोजना के तहत सीसी रोड, इंटरलॉकिंग टाइल्स, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, ट्रांसफॉर्मर, सीसीटीवी, हार्टीकल्चर एवं पौधारोपण कार्य तथा फायर फाइटिंग आदि का कार्य भी कराया जाएगा। परियोजना का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड, निर्माण इकाई-13, बांदा द्वारा किया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका चेयरमैन मालती गुप्ता बासू, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील कुमार कौशल, यूपीपीसीएल के परियोजना प्रबंधक अमर सिंह राठौर, अवर अभियंता, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू, सभासद आशीष गुप्ता सहित मेडिकल कॉलेज स्टाफ एवं समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















