मुंबई से दुबई जा रही फ्लाइट को रनवे पर रोका, इंजन में मिली खराबी.

मुंबई से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-5113 को तकनीकी खराबी के चलते उड़ान भरने से पहले ही रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार, विमान ने रनवे पर टेकऑफ की प्रक्रिया शुरू कर दी थी, लेकिन इसी दौरान इंजन में गड़बड़ी का संकेत मिलने पर पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए विमान को सुरक्षित वापस रोक लिया। इसके बाद एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विमान में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें एयरपोर्ट टर्मिनल तक पहुंचाया गया। घटना के बाद विमान की विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है, जबकि यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए उड़ान संचालन प्रभावित रहा, लेकिन किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। वहीं, इससे एक दिन पहले सोमवार को बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर भी स्पाइसजेट की एक फ्लाइट तकनीकी खराबी का शिकार हुई थी। मुंबई से दरभंगा पहुंची फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान विमान के पहियों में से एक टायर अचानक फट गया, जिससे एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

उस समय विमान में करीब 150 यात्री सवार थे। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई के चलते विमान को सुरक्षित रोका गया और सभी यात्रियों को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लगातार दो दिनों में स्पाइसजेट की उड़ानों में सामने आई तकनीकी समस्याओं ने विमान सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, दोनों ही मामलों में समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हो सका। एयरलाइन की ओर से दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts