मुजफ्फरनगर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सहारनपुर मंडलायुक्त, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर और जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर ने पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फ्लैग मार्च किया। यह मार्च खालापार क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील स्थानों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय लोगों और धर्मगुरुओं से संवाद किया गया और उन्हें बताया गया कि मुजफ्फरनगर पुलिस सोशल मीडिया की सतत निगरानी कर रही है। आमजन से अपील की गई कि वे किसी भी भड़काऊ, गलत या अशोभनीय पोस्ट को शेयर न करें, किसी भी भ्रामक पोस्ट की पुष्टि पुलिस या प्रशासन से करें और किसी भी कानून विरोधी गतिविधि का हिस्सा न बनें। साथ ही, सभी से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने और जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
सुरक्षा की दृष्टि से जनपद में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और ड्रोन कैमरों से निरंतर निगरानी की जा रही है।















