मीरापुर विधानसभा उप निर्वाचन-2024 और आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने 3 नवंबर 2024 को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (BSF) के साथ मिलकर फ्लैग मार्च किया। इस मार्च का आयोजन थाना ककरौली की पुलिस द्वारा संवेदनशील, रिहायशी और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान आम जनता को सुरक्षा का एहसास कराया गया, साथ ही संदिग्ध वाहनों की चेकिंग भी की गई। लोगों को जनपद में लागू आचार संहिता के बारे में बताया गया और आचार संहिता का पालन करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। पुलिस ने प्रलोभन या डर-धमकी देकर वोट देने की कोशिश करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया।पुलिस ने चुनाव में गड़बड़ी करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। त्यौहारों के मद्देनजर स्थानीय लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट शेयर न करने की अपील की गई।















