मुजफ्फरनगर के थाना भोपा पुलिस को ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइन चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम सिकन्दरपुर के जंगल जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस ने निगराजनी झाल से तुगलपुर कम्हेड़ा की ओर जाने वाली मध्य गंग नहर पटरी के पास दबिश देकर पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए सामान को कहीं ले जाने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए ट्रांसफार्मर के विभिन्न पुर्जे, विद्युत लाइन के तारों के कई बंडल, चोरी की वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक एक्टिवा स्कूटी तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से जुड़ा रेहड़ा बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है, जिनके आधार पर पुलिस अन्य वारदातों का भी खुलासा कर सकती है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हैं या नहीं और उन्होंने जिले के किन-किन क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन चोरी की घटनाओं से विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने के साथ विभाग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में इस गिरोह की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। थाना भोपा पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
























































