नकली हेल्थ सप्लीमेंट बनाने वाला गिरोह पकड़ा,

मुज़फ्फरनगर के खालापार थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के नाम पर नकली हेल्थ सप्लीमेंट तैयार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य का माल बरामद किया है, जिसमें प्रोटीन पाउडर, कैप्सूल, लेबल, स्टिकर, पैकिंग मशीनें और अन्य सामग्री शामिल हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के नेटवर्क की तलाश जारी है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खालापार क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर नकली हेल्थ सप्लीमेंट तैयार किए जा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी की और मौके से आसिफ सैफी (26) तथा जावेद सैफी (37) को गिरफ्तार किया। मौके से भारी मात्रा में कैप्सूल, प्रोटीन पाउडर, खाली डिब्बे, सीलिंग मशीन, पैकिंग मशीन, बारकोड स्टिकर और कैप्सूल फिलिंग मशीन बरामद की गई।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वेहर्बल पावर फार्मास्यूटिकल्सनाम से नकली हेल्थ सप्लीमेंट तैयार करते थे। इन पर USA, Russia और Japan जैसे देशों के नाम और लोगो का लेबल लगाकर इन्हें ऑनलाइन और स्थानीय बाजार में बेचते थे। अब तक वे करीब 2 करोड़ रुपये का अवैध कारोबार कर चुके हैं और हर महीने 15 से 20 लाख रुपये तक की कमाई कर रहे थे।एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं। इस बार उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं एसएसपी संजय वर्मा ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी सप्लाई चेन की जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आम जनता की सेहत की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है। नकली हेल्थ सप्लीमेंट का सेवन गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है, जिसमें लीवर और किडनी को नुकसान, हार्मोनल असंतुलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं शामिल हैं। विशेषज्ञ भी लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे केवल प्रमाणित ब्रांड्स के प्रोडक्ट ही खरीदें और किसी भी संदिग्ध प्रोडक्ट की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें।इस मामले के उजागर होने से यह साफ हो गया है कि मुनाफे के लालच में कुछ लोग स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर नकली और खतरनाक प्रोडक्ट तैयार करने से भी नहीं हिचकिचाते। पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे नेटवर्क पर बड़ा प्रहार है और उम्मीद की जा रही है कि आगे भी इस तरह के अभियानों से आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts