राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलदेवगढ़ में स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक नारायणी धाम कुंड परिसर में अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर गहराती जा रही है। बलदेवगढ़ के स्थानीय निवासियों ने अलवर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नारायणी धाम को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। श्रद्धालुओं का कहना है कि धाम परिसर में अवैध ठेली-थड़ी लगाने वाले ना केवल धार्मिक वातावरण को बिगाड़ रहे हैं, बल्कि कुछ दुकानदार नशीले पदार्थ बेचने और महिलाओं की फोटो व वीडियो बनाने जैसी गतिविधियों में भी शामिल हैं। पुजारियों द्वारा विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती है। तेज आवाज में डीजे बजाने से पूजा-पाठ में खलल पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों की शिकायत के बावजूद, ज्ञापन दिए एक माह से अधिक बीत चुका है लेकिन प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। गौरतलब है कि पूर्व में उपखंड अधिकारी केशव मीना ने नारायणी धाम को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए सभी दुकानों को मुख्य द्वार के बाहर शिफ्ट कराया था। किंतु प्रशासन और पुलिस की उदासीनता के चलते वहां दोबारा अतिक्रमण फैल चुका है। फिलहाल उपखंड अधिकारी हरकेश मीना ने टहला तहसीलदार को लिखित आदेश जारी कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, लेकिन धरातल पर हालात जस के तस हैं।















