जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक संपन्न, प्रेस की स्वतंत्रता और सौहार्दपूर्ण संबंधों पर जोर

मुजफ्फरनगर में जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति की बैठक जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि, क्षेत्राधिकारी सदर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में संपन्न हुई। बैठक में जिला प्रशासन और पत्रकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने और प्रेस की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने पर विशेष चर्चा हुई।

बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने मांग रखी कि प्रेस लिखे वाहनों की नियमित जांच कराई जाए। इसके अलावा, यह भी प्रस्ताव रखा गया कि किसी पत्रकार प्रतिनिधि पर मुकदमा दर्ज करने से पहले वरिष्ठ अधिकारी द्वारा जांच कराई जाए। इस पर क्षेत्राधिकारी ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों पर कोई भी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों की जांच के बाद ही की जाएगी।

सदस्यों ने सुझाव दिया कि जिला स्तरीय पत्रकार समिति के सदस्यों की सूची पुलिस प्रशासन और जिला सूचना विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कराई जाए। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में यह भी मांग रखी गई कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सरकारी आवास आवंटित किए जाएं, जिस पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों को शासन द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने समिति के सदस्यों से अनुरोध किया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार अपने समाचार पत्रों और चैनलों के माध्यम से करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर, जिला सूचना अधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी, और जिला स्तरीय स्थायी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts