जसपुरा (बांदा)। थाना जसपुरा क्षेत्र के गड़रिया (हरिया का डेरा) गांव में शराब पीने के विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गड़रिया (हरिया का डेरा) निवासी राम कुमार (उम्र लगभग 50 वर्ष) का दिनांक 20 सितंबर 2025 को रात करीब 8 बजे गांव के ही नकटी पोखरी निवासी बृजमोहन पुत्र छेदुवा से शराब पीने को लेकर कहासुनी हो गई थी। कहासुनी ने जल्द ही झगड़े का रूप ले लिया और बृजमोहन ने राम कुमार के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन राम कुमार को उपचार के लिए पहले जसपुरा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक देख उन्हें हमीरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 25 सितंबर 2025 को रास्ते में ही राम कुमार की मौत हो गई। मृतक के पुत्र राहुल कुमार ने थाना जसपुरा में तहरीर देते हुए बताया कि पिता की मौत मारपीट के कारण आई गंभीर चोटों की वजह से हुई है। उन्होंने आरोपी बृजमोहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर संख्या 132/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 105 (हत्या) में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है। थाना प्रभारी अनिल कुमार जसपुरा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बाँदा भेजा दिया गया है । साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने कहा कि राम कुमार मेहनतकश और शांत प्रवृत्ति के व्यक्ति थे, और इस घटना से पूरे परिवार को गहरा आघात पहुंचा है।















