मुजफ्फरनगर के कंपनी गार्डन में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा एक दिवसीय इक्को मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन फीता काटकर मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने किया। इसके बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी गीतेश चंद्रा और अन्य अधिकारियों ने वृक्षारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस प्रेरणादायक आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता फैलाना और प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह समाप्त करना था।ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रांतिकारी शालू सैनी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक बैग्स, कप-प्लेट, बोतल आदि हानिकारक वस्तुओं का बहिष्कार कर हमें बांस, मिट्टी, तांबा, पीतल और कपड़े से बने पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का उपयोग बढ़ाना चाहिए। इस पहल को न केवल पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, बल्कि यह भावी पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में भी एक मजबूत प्रयास है।इक्को मेले में प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले स्टॉल्स लगाए गए, जहां नागरिकों को वैकल्पिक उत्पादों के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने शपथ ली कि वे पर्यावरण के संरक्षण के लिए अपने स्तर पर योगदान देंगे और प्लास्टिक मुक्त भारत की दिशा में इस मुहिम का हिस्सा बनेंगे।















