मुजफ्फरनगर। गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के सम्मेलन एवं विभिन्न योजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम का मंगलवार को जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन के सभागार में लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम एटर पश्चिम में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया तथा मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया।
विकास भवन सभागार में आयोजित लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण सहित जनपद के करीब 100 पीआरडी जवान, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल के अधिकारी तथा व्यायाम प्रशिक्षक मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन और घोषणाओं का सीधा प्रसारण देखा।मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पीआरडी जवानों के हित में की गई घोषणाएं सराहनीय हैं। उन्होंने बताया कि पीआरडी जवानों का ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही जवानों और उनके परिवार के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।सीडीओ ने जनपद के सभी पीआरडी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान जवानों ने प्रशासन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन किया। उन्होंने जवानों से भविष्य में भी इसी तरह जिम्मेदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया।
























































