बागपत। गर्मी और लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। अस्पताल में 12 बेड का कोल्ड रूम बना दिया गया है, जिसमें कूलर, एसी व अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं लोगों को जागरूक करने के लिए एडवाइजरी जारी कराई गई है।गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है और तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया है। गर्मी बढ़ती देखकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। गर्मी और लू लगने के मरीजों के इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में कोल्ड रूम बनाया गया है। इमरजेंसी के लिए 12 बेड रिजर्व किए गए है। मरीजों के लिए सभी प्रकार की दवाइयों की व्यवस्था कराई गई है। अस्पताल के प्रत्येक वार्ड और ओपीडी में वाटरकूलर की व्यवस्था कराई गई है। वार्ड में चिकित्सक और कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। लोगों को लू से बचाव के लिए जागरूक करने के लिए एडवाइजरी चस्पा कराई गई है।
गर्मी या लू लगने के लक्षण
– गर्म, सूखी और लाल त्वचा होना
-शरीर का तापमान बढ़ना
-मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन होना
-थकावट और चक्कर या उल्टी होना
-सांस फूलना और दिल की धड़कन बढ़ना
गर्मी व लू से बचाव के उपाय
अधिक पानी पीएं। नींबू, छाछ सहित अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें।
शराब, चाय व काॅफी का सेवन करने से बचें।
-हल्के रंग के आरामदायक कपड़े पहनें।
– धूप में बाहर जाते समय छाता और चश्मे का प्रयोग करैं।
– बच्चे, बीमार व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
गर्मी और लू से बचाव के लिए अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को जागरूक किया जा रहा है। कोल्ड रूम तैयार कर बेड आरक्षित कर दिए हैं। अस्पताल में मरीजों के लिए सभी प्रकार की दवाइयों की व्यवस्था कराई गई है। – डॉ एसके चौधरी, सीएमएस















