दिल्ली के बुराड़ी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली और शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 36 साल के बेटे ने नशे की हालत में अपनी 70 साल की बुजुर्ग मां के साथ बलात्कार किया।इस घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग महिला अपने नाबालिग पोती और बेटे के साथ रहती थी और घर चलाने के लिए दूसरों के घरों में काम करके गुजारा करती थी। आरोपी बेटा लंबे समय से नशे का आदी था और कोई काम नहीं करता था। घर में आए दिन झगड़े होते रहते थे। कुछ दिन पहले आरोपी ने अपनी 16 साल बेटी के साथ भी मारपीट की थी, जिसके बाद वह नाराज होकर अपने रिश्तेदार के घर चली गई थी। इसके बाद घर में केवल बुजुर्ग मां और बेटा ही रह गए थे।घटना वाली रात आरोपी शराब के नशे में घर लौटा और मां ने उसे खाना खाने के लिए कहा, जिससे वह गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने पहले अपनी मां को बंधक बनाया और उनके साथ गलत हरकत की। पूरी रात पीड़िता डर और दर्द में रही।
अगली सुबह जब आरोपी सो गया, तब बुजुर्ग महिला ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और अपनी बेटी को फोन करके पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और पीड़िता का और उसकी पोती का मेडिकल कराया। बुराड़ी पुलिस ने कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।















