मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से भोपा क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही न रहे और शिवभक्तों को हर आवश्यक सुविधा समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सफाई व्यवस्था को लगातार बनाए रखने, पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा रात्रि में निर्बाध प्रकाश व्यवस्था रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कांवड़ यात्रियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
शिवभक्तों ने मार्ग पर की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन और जिला पंचायत के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि चिकित्सा सहायता, स्वच्छ शौचालय, कूड़ा निस्तारण और आपातकालीन सेवाएं पूरी यात्रा अवधि में सक्रिय रहें, ताकि किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है और श्रद्धालुओं की सेवा करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण अभियान में जिला पंचायत के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, स्वास्थ्य एवं सफाई विभाग के कर्मचारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया तथा यात्रा के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने का संकल्प दोहराया।























































