मुजफ्फरनगर के भोपा ब्लॉक संसाधन केंद्र पर आयोजित एक दिवसीय विकास खंड स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अमरवीर ने संगोष्ठी और कार्यशाला के उद्देश्यों और लक्ष्यों की विस्तार से जानकारी दी। मुख्य अतिथि डॉ. वीरपाल निर्वाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्राथमिक विद्यालयों का आधुनिकीकरण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षण संस्थानों, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके अंतर्गत छात्रों को समय पर पाठ्यपुस्तकों का वितरण, स्कूल ड्रेस की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत में खंड विकास अधिकारी अमरवीर ने डॉ. निर्वाल को पुष्प गुच्छ और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रधान अध्यापक अक्षय कुमार, राजन वशिष्ठ, कपिल वर्मा, आजाद वीर, महमूदुल हसन, जिला सांस्कृतिक संयोजक रामकुमार शर्मा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष शुकतीर्थ ब्रजवीर सिंह, ग्राम प्रधान कादीपुर शौकीन सिंह, भोपा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तरुण धीमान सहित शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।















