मुजफ्फरनगर के ग्राम वहलना में डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी नाराजगी को समझा। इस दौरान गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते नजर आए।
पूजा अनिल अंबेडकर ने आक्रोशित ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा को क्षति पहुंचाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह कृत्य न केवल एक महान व्यक्तित्व का अपमान है, बल्कि देश के संविधान और सामाजिक समरसता पर भी सीधा हमला है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल वार्ता कर नई प्रतिमा स्थापित कराने और घटना में शामिल आरोपियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा बाबा साहब के विचारों और उनके द्वारा बनाए गए संविधान की मजबूती के लिए प्रतिबद्ध रही है। आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहब की जयंती को हर स्तर पर मनाने की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन इसी बीच इस तरह की घटनाएं समाज में अशांति फैलाने की साजिश का हिस्सा प्रतीत होती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर माहौल खराब करने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने भी इस घटना को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया और प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पूजा अनिल अंबेडकर ने कहा कि बाबा साहब के विचारों को इस प्रकार की कायरतापूर्ण हरकतों से दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।















