शीघ्र निस्तारित हों चकबन्दी वाद: डीएम जे. रीभा ने अधिकारियों को दिए निर्देश

बांदा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में चकबन्दी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान डीएम ने चकबन्दी अधिकारियों एवं सहायक चकबन्दी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित चकबन्दी वादों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और विशेष रूप से पुराने वादों को प्राथमिकता दी जाए ताकि कोई भी वाद अधिक समय तक लंबित न रहे।

जिलाधिकारी ने जिले के 40 गांवों में चल रहे चकबन्दी कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए धारा-9 के तहत पड़ताल, कब्जा परिवर्तन जैसी प्रक्रियाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चकबन्दी लेखपालों और कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा कर कार्य में तेजी लाने की बात कही।

ग्राम माचा और परसौड़ा में प्राप्त आपत्तियों के शीघ्र निस्तारण तथा पिपरोदर बांगर एवं सजेरी गांवों में चक निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। बरियारी गांव में पड़ताल कार्य पूर्ण होने की जानकारी भी बैठक में दी गई।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि गांवों में भूमि विवाद, चकरोडों की स्थिति और भूमि की पैमाइश जैसे मसलों को सुलझाते हुए चकबन्दी कार्यों को निष्पक्ष व समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कब्जा परिवर्तन की प्रक्रिया में भी तेजी लाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं उप संचालक चकबन्दी माया शंकर, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट इरफानुल्ला खां, चकबन्दी अधिकारी एवं सहायक चकबन्दी अधिकारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts