औरैया।एक विचित्र पहल सेवा समिति द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ जी की वार्षिक भव्य शोभायात्रा का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में किया गया। यात्रा की शुरुआत फूलमती मंदिर से हुई, जिसे जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
समिति अध्यक्ष आनंद नाथ गुप्ता द्वारा दोनों अधिकारियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। उन्हें पटका पहनाकर, चंदन तिलक लगाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। इसके पश्चात अधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा में भाग लिया।
शोभायात्रा फूलमती मंदिर से शुरू होकर सुभाष चौराहा, संजय गेट और लेडीज़ मार्केट होते हुए पुनः फूलमती मंदिर पर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान मार्ग पर भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जगह-जगह पुष्पवर्षा और भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।
इस पावन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कथावाचक मनोज अवस्थी, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, सदर एसडीएम राकेश कुमार, सीओ सिटी अशोक कुमार, सदर कोतवाल राजकुमार सिंह सहित समिति के पदाधिकारी, नगरवासी व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।















