मुजफ्फरनगर सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त रूपेश कुमार ने आज जनपद की सदर विधानसभा क्षेत्र के मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज तथा पुरुषार्थी पब्लिक स्कूल का दौरा किया। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत चल रहे अद्यतन कार्यों, प्रगति और व्यवस्थाओं का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने एसआईआर हेल्प डेस्क का भी गंभीरता से अवलोकन किया और वहां तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हेल्प डेस्क पर आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि हर पात्र नागरिक का एसआईआर फॉर्म भरवाकर समय पर जमा कराया जाए, ताकि निर्धारित समय–सीमा में सौ प्रतिशत कार्य पूरा किया जा सके।मंडलायुक्त ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के संग्रहण की स्थिति, सूची अद्यतन की प्रक्रियाओं तथा बीएलओ की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनमानस को भी जागरूक किया और अपील करते हुए कहा कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें, बल्कि शीघ्र अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि समय से फॉर्म भरने पर ही आपका नाम मतदाता सूची के डेटा एंट्री में सही प्रकार से सम्मिलित हो सकेगा।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने बीएलओ से गणना प्रपत्रों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी ली। बीएलओ ने बताया कि जिन मतदाताओं के फॉर्म भर चुके हैं, वे कैंप स्थल पर नियमित रूप से जमा किए जा रहे हैं। साथ ही बीएलओ टीम घर–घर जाकर यह भी सत्यापित कर रही है कि किसने फॉर्म जमा किए हैं और किनके फॉर्म लंबित हैं। जिन व्यक्तियों के प्रपत्र शेष हैं, उनके फार्म मौके पर भरवाकर जमा कराने की कार्रवाई की जा रही है। मंडलायुक्त ने मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज में एसआईआर कार्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देने के निर्देश भी दिए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और अधिक से अधिक गणना प्रपत्र एकत्रित किए जाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न पाए। विशेष रूप से उन घरों में शीघ्र पहुंचकर प्रपत्र जमा कराए जाएं, जहां अभी तक फॉर्म लंबित हैं।मंडलायुक्त ने ईआरओ, एआरओ सहित एसआईआर कार्य में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करें। उन्होंने कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए हर स्तर पर सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ इसे संपन्न किया जाए।निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पंकज राठौर सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।















