मुजफ्फरनगर में जिला व्यापार बंधु की बैठक, व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

मुजफ्फरनगर। जनपद में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर विकास भवन सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने की। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया और व्यापार से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को समिति के समक्ष रखा।

मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला व्यापार बंधु की बैठकों में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि व्यापार बंधु एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां शासन और व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित कर जनपद के व्यापारिक वातावरण को बेहतर बनाया जा सकता है।

बैठक में व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंडी समिति से जुड़ी दिक्कतों, शहर में लगातार लगने वाले जाम, बिजली विभाग की आपूर्ति एवं बिल संबंधी समस्याओं, जीएसटी विभाग से जुड़े मामलों, नगर पालिका की व्यवस्थाओं तथा लीड बैंक पंजाब नेशनल बैंक से संबंधित विषयों को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों की शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

बैठक में शहर में जाम की समस्या पर विशेष चर्चा हुई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने व्यापारियों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ व्यापार बंधु अपनी दुकानों का सामान दुकान के बाहर सड़क के किनारे रख देते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क पर न रखें और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक में उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर शोभित श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह, सहायक श्रमायुक्त सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। व्यापार बंधुओं ने बैठक के आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन के निर्देशों के बाद समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस प्रकार की बैठकों के माध्यम से निरंतर संवाद बनाए रखा जाएगा, ताकि जनपद में व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts