मुजफ्फरनगर। पावन धरा शुकतीर्थ में निर्मल गंगा-अविरल गंगा के संरक्षण के लिए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अनूठी पहल के तहत गंगा स्वच्छता अभियान को लेकर ओजस्वी मन पत्रिका के संपादक पं. दीपक कृष्णात्रेय द्वारा प्रकाशित विशेषांक का विमोचन मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में किया गया। इस अवसर पर जनपद के प्रतिष्ठित समाजसेवी, उद्योगपति, विद्वान, शिक्षक और पत्रकारों की गरिमामयी मौजूदगी रही।जिला पंचायत सभागार में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि जनहित की किसी भी पहल की सफलता तभी सुनिश्चित हो सकती है जब उसे आम जनता का विश्वास और सहयोग प्राप्त हो। शुकतीर्थ के पावन तट की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी को समर्पित होना होगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन के स्वच्छता अभियानों से जनता में जागरूकता आई है और लोग इस अभियान से जुड़ाव महसूस कर रहे हैं। गंगा घाट पर प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों से समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। इस विशेषांक के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को स्वच्छता अभियान के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा एक सकारात्मक संदेश दिया जाएगा।ओजस्वी मन पत्रिका के संपादक दीपक कृष्णात्रेय ने बताया कि जिलाधिकारी की गंगा स्वच्छता के लिए यह पहल अत्यंत सराहनीय है। इसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार को गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उमेश मिश्रा के निर्देशन में एसडीएम जानसठ जयेंद्र सिंह, संत-महात्मा, समाजसेवी, उद्योगपति, जनप्रतिनिधि और शिक्षा क्षेत्र के लोग मिलकर इस अभियान को गति दे रहे हैं। इस पहल से प्रभावित होकर विशेषांक प्रकाशित किया गया है। विमोचन समारोह में जिलाधिकारी का स्वागत पटका पहनाकर किया गया तथा उन्हें पौधा भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया।समाजसेवी कुंवर देवराज पंवार, नेता उमादत्त शर्मा, आचार्य कुलम के होतीलाल शर्मा, होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया और संयुक्त हिंदू मोर्चा के संयोजक नरेंद्र पंवार उर्फ साधु गुज्जर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इसके अलावा सह संपादक अंकुर पहलवान, आचार्य सीताराम, विश्व हिंदू महासंघ के राजेश शर्मा, धर्मेंद्र मिश्रा, सुंदरलाल, जितेंद्र सिंह कोच, चंद्रशेखर शर्मा, किरतपाल सैनी, कुंवर सिंह, अरविंद तोमर, अनुज चौधरी, नितिन प्रजापति, आर्यन चौधरी, ब्रह्मप्रकाश शर्मा, एडवोकेट समसवीर, प्रवीण तोमर सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।














