मुजफ्फरनगर में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा व एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने सुनी जन समस्याएं,

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के तहत आज तहसील जानसठ में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने उपस्थित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनता की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता और ध्यानपूर्वक सुना। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक शिकायत का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही, संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर समस्याओं की वास्तविक स्थिति का अवलोकन करें और शिकायतों का शत-प्रतिशत समाधान निर्धारित समयावधि में पूरा करें।

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि महिला अपराधों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और ऐसी शिकायतों की जांच संवेदनशीलता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जन समस्याओं का ईमानदार और त्वरित समाधान है।इसके अलावा समाधान दिवस में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी और लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। साथ ही, साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 या स्थानीय पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध समाधान किया जाएगा, जिससे जनता को शासन की योजनाओं और सेवाओं का समुचित लाभ मिल सके।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जानसठ राजकुमार, तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, क्षेत्राधिकारी यतेन्द्र सिंह नागर सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जनता से संवाद स्थापित करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से उनके अधिकतम लाभ लेने की अपील की। सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य शासन-प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर जन समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना बताया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts