मुजफ्फरनगर। ब्लॉक सदर के अंतर्गत संचालित परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था, स्टाफ उपस्थिति, छात्रों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन व्यवस्था एवं साफ–सफाई की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया गया।निरीक्षण की शुरुआत ब्लॉक संसाधन केंद्र बिलासपुर से हुई, जहां सुबह 10:17 बजे कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार व सहयोगी विपिन कुमार उपस्थित पाए गए, जबकि वरिष्ठ लिपिक अजय कुमार आकस्मिक अवकाश पर थे। सहायक लेखाकार भानु कुमार, गुणवत्ता समन्वयक अवंती गर्ग, एमआईएस को–ऑर्डिनेटर मानिक कुमार, कार्यालय सहायक अश्वनी कुमार और सहयोगी सुधीर कुमार अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। अधिकारी ने कार्यालय रिकॉर्ड सुव्यवस्थित रखने और साफ–सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय बिलासपुर (1-8) के निरीक्षण के दौरान 10:21 बजे सहायक अध्यापक गरिमा चौधरी और अंजलि आकस्मिक अवकाश पर पाई गईं, जबकि अन्य सभी शिक्षक उपस्थित थे। यह पाया गया कि शिक्षक केवल आने के हस्ताक्षर कर रहे थे, जाने के नहीं। इस पर इंचार्ज अध्यापिका को दोनों समय हस्ताक्षर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
डीबीटी कार्य को तीन दिनों में पूर्ण कराने के भी आदेश दिए गए। विद्यालय में 520 नामांकित बच्चों में से 355 उपस्थित थे। विद्यालय की भौतिक स्थिति व शैक्षिक स्तर संतोषजनक पाया गया, अधिकांश बच्चे यूनिफॉर्म में थे और मध्याह्न भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार बनाया जा रहा था।प्राथमिक विद्यालय बिलासपुर-2 में 10:54 बजे निरीक्षण के दौरान शिक्षामित्र रीमा रानी अवकाश पर थीं, बाकी स्टाफ उपस्थित मिला। 172 नामांकित बच्चों में से 138 उपस्थित थे। विद्यालय का वातावरण स्वच्छ और शिक्षण स्तर संतोषजनक पाया गया।प्राथमिक विद्यालय धंधेड़ा में 11:10 बजे निरीक्षण के दौरान सभी स्टाफ उपस्थित मिला। 329 नामांकित में से 279 बच्चे उपस्थित थे। अधिकारियों ने बच्चों से अंग्रेजी और हिंदी का वाचन कराया और उनकी प्रगति को सराहा। विद्यालय की स्थिति उत्कृष्ट पाई गई।उच्च प्राथमिक विद्यालय धंधेड़ा में 11:33 बजे निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक प्रिया जैन मातृत्व अवकाश पर थीं, बाकी स्टाफ उपस्थित था। 189 नामांकित में से 147 छात्र उपस्थित पाए गए। विद्यालय की शैक्षिक स्थिति संतोषजनक रही।सिखरेड़ा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में दोपहर 12:10 बजे निरीक्षण किया गया। सभी शिक्षक उपस्थित मिले और 308 नामांकित बच्चों में से 217 उपस्थित थे। विद्यालय में साफ–सफाई और मध्याह्न भोजन की व्यवस्था ठीक पाई गई।पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय भंडूरा में सुजाता रानी व श्याम सिंह आकस्मिक अवकाश पर पाए गए, जबकि अन्य शिक्षक उपस्थित थे। विद्यालय में 540 में से 412 छात्र उपस्थित थे। शैक्षिक स्तर संतोषजनक रहा।असदनगर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में अपराह्न 1:20 बजे निरीक्षण के समय शिक्षामित्र मंजू रानी अवकाश पर थीं। अन्य स्टाफ उपस्थित मिला। 171 में से 131 छात्र उपस्थित पाए गए। विद्यालय की भौतिक स्थिति ठीक लेकिन शैक्षिक स्तर में सुधार की आवश्यकता बताई गई।सभी विद्यालयों में बालक–बालिका शौचालय अलग–अलग, मल्टीपल हैंडवॉश यूनिट, हैंडपंप व सबमर्सिबल क्रियाशील अवस्था में पाए गए। कुल मिलाकर निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, साथ ही अधिकारियों ने अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और शिक्षण गुणवत्ता में और सुधार लाने के निर्देश दिए।
























































