फफूद रोड पर ध्रुव ज्वेलर्स की दुकान में चोरी, तिजोरी समेत छह लाख की कीमत का सामान गायब

औरैया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पढ़ीन में बीती रात एक ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। फफूद रोड पर स्थित ध्रुव ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी चोरी कर ली। इस घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह तब हुआ जब ग्रामीणों ने दुकान का शटर टूटा देखा और इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। मोहल्ला विधि चंद्र निवासी ध्रुव सोनी की यह दुकान गुरुवार को शाम करीब साढ़े छह बजे बंद कर दी गई थी। शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे के आसपास ग्रामीणों की नजर टूटी दुकान पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत ध्रुव सोनी को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे दुकान संचालक ने देखा कि दुकान के अंदर रखी तिजोरी गायब थी, जिसमें लगभग 3 किलोग्राम चांदी और 30 ग्राम सोना रखा हुआ था। अनुमान के अनुसार चोरी से करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान संचालक ने तुरंत कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल की गहन जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही है और जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन भी दिया है। ग्रामीणों और व्यापारियों में चोरी की इस घटना को लेकर रोष है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई जा रही है।

 

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts