मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण मुजफ्फरनगर पहुंचे और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने शहर के ऐतिहासिक शिव चौक स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की। मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने मौजूद कांवड़ियों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया।
इसके बाद डीजीपी ने शिव चौक क्षेत्र में बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और पुलिस की तैनाती का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कंट्रोल रूम के संचालन, निगरानी प्रणाली और आपातकालीन तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर, सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित जिले के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीजीपी को कांवड़ यात्रा के लिए किए गए सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए, भीड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहे तथा यातायात व्यवस्था इस प्रकार संचालित की जाए कि आम लोगों और कांवड़ियों दोनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का आह्वान किया। डीजीपी ने निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें और कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाए। उनके दौरे को कांवड़ यात्रा की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस निरीक्षण से यह स्पष्ट संदेश मिला कि प्रदेश सरकार और पुलिस मुख्यालय मुजफ्फरनगर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह गंभीर हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
























































