मुजफ्फरनगर में शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित विकसित भारत बिल्डथन-2025 का आयोजन समस्त परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों और कंपोजिट विद्यालयों में किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी और एआरपी की देखरेख में विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। बच्चों को उनके समूह या टीम के अनुसार विभिन्न विचारों और उत्पादों को प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, जिनकी फोटो और वीडियो बनाई गई और राष्ट्रीय सजीव प्रसारण के लिए यूट्यूब लिंक के माध्यम से साझा की गई।
कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि विकसित भारत का सपना एक ऐसा राष्ट्र है जहां हर नागरिक को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अवसर उपलब्ध हों। आत्मनिर्भर भारत, हरित तकनीक, सामाजिक समावेशन और सतत आर्थिक विकास इसके मुख्य आधार हैं। कंपोजिट विद्यालय सरवट, सदर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी दिखाई और कई मॉडल प्रस्तुत किए।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विकसित भारत का सपना हर भारतीय का सपना है और इसे केवल शब्दों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। सरकार का लक्ष्य है कि 2047 तक यह विजन वास्तविकता में बदल जाए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से सभी ने देखा और सुना। इस आयोजन ने बच्चों में नवाचार, रचनात्मकता और राष्ट्रीय विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा किया।















