मुजफ्फरनगर। आकांक्षा कॉलेज मीरापुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज सभागार में हुआ, जिसमें बीए और बीएससी के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्राचार्या डॉ. अनुराधा मलिक ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देशभर के शिक्षण संस्थानों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी अद्भुत संगठन क्षमता और दूरदर्शिता से भारत को एकजुट और सशक्त राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा सानिया ने “विविधता में एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति है” के पक्ष में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विपक्ष में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा सना को प्रथम स्थान मिला। द्वितीय स्थान बीएससी प्रथम वर्ष की उज्ज्वल और बीएससी द्वितीय वर्ष की शिखा ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान पर बीए प्रथम वर्ष की सोनाक्षी और भारती रहीं। कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. नवनीत सिंह और सहायक प्रोफेसर डॉ. रणजीत सिंह के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने मीरापुर में अंबेडकर चौक पर जाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की सफाई कर जल अर्पण किया। डॉ. रणजीत सिंह ने कहा कि अंबेडकर न केवल संविधान निर्माता थे बल्कि समाज सुधारक और शिक्षाविद् भी थे, उनकी प्रतिमा की स्वच्छता और सम्मान हमारा कर्तव्य है। कार्यक्रम में कॉलेज के सहायक प्रोफेसर पंकज कुमार, लोकेश कुमार, महेश कुमार, हिमानी पाल, ज्योति, कुसुम साहू और नजमा खान सहित सभी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















