DDA की खाली बिल्डिंग में रहेंगे छात्र? रेखा सरकार की कमेटी करेगी विचार.

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार (07 सितंबर) को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई अहम समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया. इस दौरान बिल्डिंग की सुरक्षा, छात्रों के रहने की व्यवस्था और PG से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा हुई. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद ही इस बैठक के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बैठक में कड़े सुरक्षा जांच, जिम्मेदारी सुनिश्चित करने और एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया.

दिल्ली में PG नियमों की समीक्षा करेगी कमेटी

दिल्ली की सीएम ने कहा, ”शहरी विकास मंत्री आशीष सूद की अध्यक्षता में एक कमेटी PG नियमों की समीक्षा करेगी. साथ ही यूनिवर्सिटी, MCD और DDA के जरिए छात्रों के लिए रहने की और व्यवस्था तलाशेगी.

छात्रों के लिए खाली DDA घरों के इस्तेमाल पर विचार!

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह कमेटी छात्रों के लिए खाली DDA घरों के इस्तेमाल पर विचार करेगी. छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मौजूदा PG बिल्डिंग्स का स्ट्रक्चरल ऑडिट भी किया जाएगा. इस बैठक के दौरान मुख्य सचिव, DG NDRF, दिल्ली पुलिस कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.

PG वाले इलाकों में निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश

दिल्ली के LG तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को अधिकारियों को ‘पीजी’ की मौजूदगी वाले इलाकों में निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश दिया. यह निर्देश खासकर उन इमारतों के लिए है जिन्होंने प्रथम दृष्टया इमारत की ऊंचाई से जुड़े नियमों का उल्लंघन किया है. लोकनिवास ने यह जानकारी दी.

छात्रों का पूरा डेटाबेस किया जाएगा तैयार

लोक निवास की ओर से जारी एक ‘नोट’ के अनुसार, संधू ने मुख्य सचिव को यह सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया कि ‘पेइंग गेस्ट’ (पीजी) वाले स्थानों पर सभी इमारतों का संरचनात्मक ऑडिट एक हफ्ते के भीतर की जाए. लोक निवास ने कहा, ‘‘जिलाधिकारी, पुलिस उपायुक्त, एमसीडी के उपायुक्त की समितियां पीजी में रहने वाले छात्रों से खुद संपर्क करेंगी और उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुनेंगी. छात्रों का एक पूरा डेटाबेस तैयार किया जाएगा.’’ उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘बिना सोचे-समझे सीलिंग की कार्रवाई से घबराहट फैलेगी और छात्र बेघर हो जाएंगे.’’ उन्होंने कहा कि उन जगहों पर जांच अभियान चलाया जाना चाहिए जहां छात्र पीजी में रह रहे हैं और जिन्होंने प्रथम दृष्टया इमारत की ऊंचाई और तल से जुड़े नियमों का उल्लंघन किया है.’’ LG ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी आपदा की स्थिति में दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) नियंत्रण कक्ष को संपर्क नंबरों के साथ तुरंत चालू किया जाए.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts