बाँदा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत छात्रों, छात्राओं और आम जनता को साइबर अपराध से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि किसी को भी ओटीपी साझा न करें, अनजान वीडियो कॉल रिसीव न करें और लॉटरी या इनाम से जुड़े कॉल व मैसेज के झांसे में न आएं।
इसके अलावा, लोगों को अनजान व्यक्ति को यूपीआई पिन न बताने और किसी अजनबी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग एप्लिकेशन, जैसे एनी डेस्क, क्वीक सपोर्ट, टीमव्यूअर, स्क्रीन मिरर आदि, अपने फोन में इंस्टॉल न करने की सलाह दी गई। सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर होने वाले फ्रॉड के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने और तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में बताया गया। साथ ही, गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रदान की गई वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। मुख्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार जागरूकता अभियान को प्रचारित किया गया।
थानों में आए नागरिकों को तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जनपद में स्थित साइबर क्राइम पुलिस थाना और प्रत्येक थाना स्तर पर बनी साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया। सभी को सोशल मीडिया प्लेटफार्म का सुरक्षित और सतर्कता से उपयोग करने की सलाह दी गई। उन्हें आगाह किया गया कि किसी के बहकावे में आकर अपनी फोटो या गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। यदि किसी भी प्रकार का साइबर अपराध हो तो तुरंत नजदीकी थाना, साइबर हेल्प डेस्क या महिला हेल्प डेस्क पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।















