मुजफ्फरनगर। धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड यूनिट मन्सूरपुर में आगामी पेराई सत्र 2025-26 का शुभारंभ 28 अक्टूबर, मंगलवार को किया जाएगा। मिल के महाप्रबंधक (प्रशासन) विवश्वान त्रिपाठी ने बताया कि मिल परिसर में पेराई सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मिल में मरम्मत कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और सभी मशीनों का मास्टर ट्रायल 24 अक्टूबर को संपन्न हुआ, जो पूरी तरह सफल रहा। उन्होंने बताया कि परंपरानुसार 28 अक्टूबर को हवन-पूजन के साथ पेराई सत्र की विधिवत शुरुआत की जाएगी। इसके बाद 29 अक्टूबर से मिल पूरी क्षमता के साथ गन्ने की पेराई कार्य प्रारंभ कर देगी।
महाप्रबंधक ने बताया कि इस वर्ष क्षेत्र में गन्ने की पैदावार पिछले वर्ष की तुलना में काफी बेहतर हुई है। किसानों द्वारा समय पर सिंचाई और अनुकूल मौसम के कारण गन्ने की गुणवत्ता भी उत्कृष्ट बनी हुई है। इस कारण उम्मीद है कि इस वर्ष मिल अधिक मात्रा में गन्ने की पेराई कर सकेगी, जिससे उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि मिल प्रशासन ने गन्ना आपूर्ति और परिवहन व्यवस्था को भी सुचारू बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मन्सूरपुर यूनिट क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों के लिए यह समाचार खुशी का विषय है, क्योंकि पेराई सत्र की शुरुआत के साथ ही किसानों की मेहनत का फल उन्हें मिलना शुरू हो जाएगा। मिल प्रबंधन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि पेराई सत्र के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा और श्रमिकों तथा कर्मचारियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।















