सुबह का नाश्ता हो या शाम की चाय, हर कोई चाहता है कि कुछ ऐसा खाने को मिले जो झटपट तैयार हो जाए और स्वाद में भी लाजवाब हो। अक्सर घर पर अचानक मेहमान आ जाते हैं या बच्चों को छोटी-मोटी भूख लगती है, तो समझ नहीं आता कि क्या बनाया जाए। अगर आपके घर में उबले हुए आलू रखे हैं, तो आपकी यह चिंता तुरंत दूर हो सकती है।मशहूर कुकिंग एक्सपर्ट रेशु ड्रोलिया ने उबले आलू और चावल के आटे का एक ऐसा लाजवाब कॉम्बिनेशन शेयर किया है, जिससे मात्र 5 मिनट में एक बेहद क्रिस्पी और खूबसूरत नाश्ता बनकर तैयार हो जाता है। यह स्नैक खाने में जितना कुरकुरा है, दिखने में भी उतना ही अट्रैक्टिव लगता है। तो चलिए इसकी झटपट वाली रेसिपी जानते हैं।
आलू को मैश करना और मसाले मिलाना
इस स्वादिष्ट नाश्ते को बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए आलू लें। आलुओं को एक बड़े बर्तन में डालकर अच्छी तरह से मैश कर लें, ताकि उसमें आलू के बड़े टुकड़े न रहें। अब इसमें तीखेपन और बेहतरीन स्वाद के लिए बारीक कटी हुई हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, चटपटा लुक देने के लिए चिली फ्लेक्स, स्वादानुसार नमक और ढेर सारी बारीक कटी हुई हरी धनिया की पत्तियां डालें।
चावल के आटे से होगी परफेक्ट बाइंडिंग
मसाले डालने के बाद क्रिस्पीनेस के लिए मिश्रण में जरूरत के अनुसार चावल का आटा मिलाएं। चावल का आटा न सिर्फ आलू के मॉइश्चर को सोखता है, बल्कि तलने के बाद नाश्ते को लंबे समय तक करारा बनाए रखता है। आलू और चावल के आटे को हाथों से अच्छी तरह मिलाते हुए एक सॉफ्ट डो तैयार कर लें। इसमें अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं पड़ती है।
बोर्ड को ग्रीस करना और बेलना
जब आपका डो बनकर तैयार हो जाए, तो उसमें से एक बड़ी लोई तोड़ लें। अब चॉपिंग बोर्ड या चकले पर थोड़ा सा कुकिंग ऑयल लगाकर उसे अच्छी तरह चिकना कर लें, ताकि आलू का मिश्रण बोर्ड पर चिपके नहीं। अब बले हुए डो की लोई को बोर्ड पर रखें और बेलन की मदद से इसे हल्के हाथों से थोड़ा मोटा बेल लें। ध्यान रहे कि इसे रोटी की तरह बहुत ज्यादा पतला नहीं बेलना है।
सफेद तिल का शानदार ट्विस्ट
इस नाश्ते को दिखने में खूबसूरत और खाने में सोंधा बनाने के लिए रेशु ड्रोलिया ने एक बेहतरीन ट्रिक बताई है। बेले हुए मिश्रण के ऊपर थोड़े से सफेद तिल छिड़क दें। तिल डालने के बाद बेलन को एक बार फिर से हल्के हाथों से ऊपर चला दें। ऐसा करने से तिल आलू और चावल के आटे की परत पर अच्छी तरह चिपक जाएंगे और फ्राई करते समय बाहर नहीं निकलेंगे। यह तिल स्नैक को एक प्रीमियम और शानदार लुक देते हैं।
मोल्ड से मनचाहा शेप देना
अब नाश्ते को अट्रैक्टिव बनाने के लिए कुकी कटर या किसी भी छोटे मोल्ड का इस्तेमाल करें। आप चाहें तो इसे गोल, हार्ट, स्टार या चौकोर आकार में काट सकते हैं। अगर आपके पास मोल्ड नहीं है, तो आप किसी छोटे गिलास या कटोरी के तीखे किनारों से भी इसे गोल शेप में काट सकते हैं। कटिंग करने के बाद जो अतिरिक्त आटा बचे, उसे दोबारा लोई बनाकर इस्तेमाल कर लें। दिखने में यह डिजाइन बच्चों को बेहद पसंद आता है।
गर्म तेल में फ्राई करना और सर्विंग
अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें। जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तो गैस की आंच को मध्यम कर दें और कटे हुए शेप्स को एक-एक करके तेल में डालें। इन्हें अलट-पलट कर दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन और कुरकुरा होने तक अच्छी तरह से फ्राई कर लें। तेज आंच पर न तलें, वरना ये अंदर से कच्चे रह जाएंगे। मात्र 5 मिनट के अंदर आपका गरमा-गरम और शानदार नाश्ता तैयार है।















