बबेरू (बांदा)। बबेरू कस्बे के रावणा मैदान में एक युवक ने दिनदहाड़े अपने चचेरे भाई को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचे को नाली में फेंककर खुद कोतवाली पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बांदा पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
यह घटना बबेरू कस्बे के औगासी रोड स्थित रावण मैदान अयोध्यापुरी इलाके में रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे हुई। पारिवारिक विवाद के समाधान के लिए पहुंचे रज्जन मलिक (56) को उनके पड़ोसी राजू ने अवैध तमंचे से गोली मार दी। आरोपी ने गोली चलाने के बाद तमंचा नाली में फेंक दिया और कोतवाली जाकर पुलिस को जानकारी दी। घटना की सूचना पूरे कस्बे में फैलते ही सनसनी मच गई।
घायल रज्जन मलिक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और तमंचा बरामद कर लिया है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, और क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।मृतक के छोटे भाई मुन्ना मलिक ने बताया कि उनका बड़ा भाई रज्जन मलिक सुबह उनके पास आया था और दोनों साथ में चाय पीने के बाद वह घर लौट गए थे। इसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि रज्जन मलिक ने राजू और उसके परिवार के झगड़े को सुलझाने के लिए बीच-बचाव किया, तभी आरोपी ने उन्हें गोली मार दी। मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने आरोपी राजू को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।















