सहारनपुर। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे जीआईएस GIS सर्वे को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में आज कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने सर्वे को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो यह विरोध जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
इस दौरान मनीष त्यागी ने कहा कि यह सर्वे पूरी तरह जनविरोधी है और इसके माध्यम से नगर निगम जनता का शोषण कर रहा है। भाजपा सरकार एक की सहायता देकर दस वसूल रही है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और जब तक यह सर्वे स्थगित नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
पार्षद मंसूर बादल ने भी सर्वे का विरोध करते हुए इसे आम जनहित के खिलाफ बताया और तत्काल रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन के उपरांत पार्षदों ने मेयर और नगरायुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपा, जिसमें जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए जीआईएस सर्वे को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की मांग की गई।















