वामा सारथी प्रशिक्षण शिविर का समापन, प्रतिभागियों को मिला सम्मान.

मुजफ्फरनगर। वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में नांदी फाउंडेशन द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स में पुलिस परिवार के सदस्यों के लिए आयोजित छह दिवसीय व्यक्तित्व एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और रोजगार के लिए सक्षम बनाना था। समापन अवसर पर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को समूह चर्चा, प्रभावी संवाद कौशल, बॉडी लैंग्वेज, प्रोफेशनल ग्रूमिंग, प्रोजेक्ट प्रस्तुतिकरण, रोजगार के अवसर, स्वस्थ जीवनशैली, तनाव एवं विवाद प्रबंधन, वित्तीय प्रबंधन और समस्या समाधान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने समूह गतिविधियों, अभ्यास सत्रों और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपने व्यक्तित्व और व्यावहारिक कौशल को निखारने का अवसर प्राप्त किया। कार्यक्रम में जीवन कौशल के साथ आर्थिक जागरूकता और आत्मनिर्भरता पर भी विशेष जोर दिया गया।

समापन समारोह में वामा सारथी की अध्यक्षा डॉ. नीलम राय ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक ढंग से सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए अनुभवों और कौशल को दैनिक जीवन में अपनाकर प्रतिभागी अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस ज्ञान को अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने कहा कि पुलिस परिवार की महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने नांदी फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण से प्रतिभागियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह, नांदी फाउंडेशन के पदाधिकारियों, पुलिस परिवार के सदस्यों तथा अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts