मुज़फ्फरनगर के ट्यूलिप बैंक्वेट में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा एक भव्य और रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल ने की, जबकि संचालन नगर प्रभारी अंशुमान अग्रवाल और महामंत्री नीरज बंसल ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बीते वर्ष को विदाई और आने वाले वर्ष के स्वागत के साथ-साथ परिवर्तन, संकल्प और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सेनेटरी संगठन ने अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल में अपनी आस्था जताते हुए अध्यक्ष हरीश अग्रवाल और सचिव विकास भार्गव की उपस्थिति में अपनी संस्था को संगठन से जोड़ा। इसके अलावा 12 नगरों के विभिन्न व्यापारियों ने भी संगठन में शामिल होकर अपनी निष्ठा व्यक्त की। गौरव स्वरूप और संजय मित्तल द्वारा सभी नए सदस्यों को शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति के रूप में पूर्वी स्कूल द्वारकापुरी की नीतू मैडम के निर्देशन में स्कूल के 10 बच्चों ने प्रदूषण और पर्यावरण संरक्षण पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। बच्चों ने बढ़ते प्रदूषण से हो रही हानियों को उजागर करते हुए पर्यावरण बचाने का संदेश दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम को और अधिक रंगीन बनाते हुए नगर के प्रसिद्ध गायक मोहम्मद हाशमी ने अपने मधुर गीतों से समां बांध दिया। गीतों के माध्यम से नए साल का स्वागत किया गया। संचालन कर रहे अंशुमान अग्रवाल ने बीच-बीच में व्यापारियों के लिए लकी ड्रा का आयोजन भी किया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अध्यक्षीय संबोधन में संजय मित्तल ने कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सदैव व्यापारी हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहता है। इस मंच से मिलावटखोरी के खिलाफ एक सामूहिक संकल्प भी लिया गया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल को बधाई दी।
गौरव स्वरूप ने अपने संबोधन में अतिक्रमण अभियान को लेकर व्यापारियों से सहयोग की अपील की और कहा कि नगर में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं तथा नगर पालिका व्यापारियों के साथ खड़ी है। अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि संगठन के पदाधिकारी निस्वार्थ भाव से व्यापारियों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर में विकास कार्य निरंतर जारी हैं और किसी भी कमी की सूचना देने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी व्यापारियों को वर्ष 2026 के लिए शुभकामनाएं दीं।
















