सीएचसी बुढ़ाना का सीएमओ ने किया विस्तृत निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश

मुज़फ्फरनगर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा भी उनके साथ मौजूद रहीं। इस निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना तथा मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना रहा।

निरीक्षण के अवसर पर राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। इस पहल से दृष्टि दोष से पीड़ित जरूरतमंद लोगों को राहत मिली और सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश भी दिया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा ओपीडी, लेबर रूम, दवा वितरण कक्ष, पंजीकरण काउंटर, साफ-सफाई व्यवस्था तथा दवाओं की उपलब्धता का गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने मरीजों की सुविधाओं, उपचार प्रक्रिया, स्टाफ की कार्यप्रणाली और स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ आवश्यक सुधारों की ओर भी ध्यान दिलाया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रणव तेवतिया को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाए, मरीजों को समय पर उपचार मिले, अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनी रहे तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों से मानवीय व्यवहार और पारदर्शी सेवाएं प्राथमिकता होनी चाहिए।

इसके पश्चात मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा की गई और आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आईडी जनरेट करने तथा ऑनलाइन प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

बैठक के दौरान गर्भवती महिलाओं की देखभाल, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, परिवार नियोजन, क्षेत्रीय सर्वेक्षण और जन-जागरूकता से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इन सभी कार्यों में और अधिक सक्रियता, समर्पण और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।इस अवसर पर डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि जनपद में आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमित निरीक्षण और समीक्षा के माध्यम से कमियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र दूर किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंच सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts