सीएमओ ने मखियाली व जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली तथा जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर की इमरजेंसी सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएचसी मखियाली के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, दवा वितरण काउंटर और पैथोलॉजी लैब की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही कोल्ड चेन कक्ष का निरीक्षण कर वैक्सीन स्टोरेज, तापमान रजिस्टर और उपकरणों की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन प्रणाली का पूरी तरह पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया गया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखा जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने के भी निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके। इसके बाद सीएमओ ने जिला चिकित्सालय परिसर स्थित इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध दवाइयों के मेडिसिन स्टॉक, ड्रेसिंग बॉक्स और चिकित्सकीय उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की। साथ ही ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति का भी निरीक्षण किया। सीएमओ ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती रहेगी, ताकि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts