बाँदा। सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के पुत्रों के अद्वितीय साहस, शौर्य और बलिदान की स्मृति में ‘वीर बाल दिवस’ का आयोजन महर्षि बामदेव सभागार, बाँदा में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी बाँदा जे. रीभा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण प्रदर्शित किया गया, जिसमें उन्होंने वीर साहिबजादों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।वीर बाल दिवस’ के अवसर पर 18 से 25 दिसंबर 2025 के मध्य जनपद के विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के बीच साहस, सेवा, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सकारात्मक नागरिकता के मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें चित्रकला/पेंटिंग, कहानी लेखन, स्लोगन व नारा लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता, समूह चर्चा आदि शामिल रहीं। इन
गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 36 प्रतिभाशाली बच्चों को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। सम्मानित बच्चों में उच्च प्राथमिक विद्यालय गिरवां के 2, पूर्व माध्यमिक विद्यालय जारी–1 के 3, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बाँदा की 10 छात्राएं, आर्य कन्या इंटर कॉलेज की 3 छात्राएं, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज बाँदा के 3 छात्र, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाँदा की 11 छात्राएं तथा राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के 4 बच्चे शामिल रहे। इन बच्चों ने कला, विज्ञान, खेल एवं विभिन्न शैक्षिक प्रतियोगिताओं में विद्यालय, जनपद एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।















