मुजफ्फरनगर शहर के विकास को नई दिशा देने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से नगरपालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने एक करोड़ नौ लाख रुपये से अधिक की लागत से निर्मित नौ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों के जरिए शहर के आठ वार्डों में नागरिकों को बेहतर सड़कें और जल निकासी की सुविधाएं प्राप्त होंगी। चेयरपर्सन द्वारा शहर की तस्वीर बदलने के लिए विकास कार्यों की एक नई श्रृंखला की शुरुआत की गई है, जिसमें सीसी सड़कों, डेन्स रोड और नालियों का निर्माण शामिल है। इन कार्यों को राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि से पूरा किया गया है।खालापार, जसवंतपुरी, साकेत, शांतिनगर, कूकड़ा, जनकपुरी, प्रेमपुरी और लोहिया बाजार जैसे वार्डों में कुल 109 लाख रुपये की लागत से सात सीसी सड़कों, एक डेन्स रोड और एक नाली का निर्माण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया। इस अवसर पर चेयरपर्सन ने संबंधित वार्डों में पैदल भ्रमण कर कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण भी किया। स्थानीय निवासियों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया और उनके प्रयासों की सराहना की।वार्ड 5 के अंतर्गत कूकड़ा में 15 लाख की लागत से बनी सीसी सड़क और नाली का उद्घाटन किया गया। वार्ड 6 साकेत मोहल्ला में 18 लाख की लागत से निर्मित दो सीसी सड़कों का लोकार्पण किया गया, जहां उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। इसी क्रम में वार्ड 13 जसवंतपुरी में 12 लाख, वार्ड 19 प्रेमपुरी में 16 लाख, वार्ड 22 शांतिनगर में 16 लाख, वार्ड 39 जनकपुरी में 5 लाख, वार्ड 47 लोहिया बाजार में 8 लाख और वार्ड 53 खालापार में 19 लाख की लागत से 421 मीटर लंबी डेन्स रोड का निर्माण कर जनता को समर्पित किया गया।चेयरपर्सन ने कहा कि उनका उद्देश्य हर वार्ड को साफ-सुथरा, मजबूत सड़कों और बेहतर जल निकासी प्रणाली से सुसज्जित बनाना है। उन्होंने पारदर्शिता और गुणवत्ता को प्राथमिकता देने की बात कही। लोकार्पण कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेड़ा, दीपक मित्तल, राधे वर्मा, मयंक त्यागी, हरीश गुप्ता, वैभव त्यागी, सुमित धीमान, विकल्प जैन सहित कई सभासद, पालिका अधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















