मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, 200 से अधिक बच्चों को मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन.

मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में पुलिस परिवार के सदस्यों और उनके बच्चों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर के अवसरों की जानकारी देना, उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप सही मार्गदर्शन प्रदान करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करना था। कार्यक्रम में वामा सारथी, मुजफ्फरनगर की अध्यक्षा डॉ. नीलम राय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को सही समय पर उचित मार्गदर्शन मिलना उनके व्यक्तित्व विकास और भविष्य की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय कर अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञ करियर काउंसलरों ने उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, कौशल विकास और रोजगार के विविध क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी। काउंसलरों ने बच्चों और अभिभावकों के सवालों के जवाब देते हुए उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार करियर चुनने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Bhaskar Newsupuk (@bhaskarnews_upuk)

इस दौरान डॉ. सुनील पवार ने विद्यार्थियों को संतुलित खान-पान, नियमित दिनचर्या, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य तथा पढ़ाई के दौरान पोषण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक मानसिकता ही सफलता की मजबूत नींव होती है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और अभिभावकों ने विशेषज्ञों से खुलकर संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। आयोजन में 200 से अधिक पुलिस परिवार के सदस्यों और बच्चों ने भाग लेकर करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पीसीएस अधिकारी आकाश कुमार, रोहित कुमार, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह, आकाश इंस्टीट्यूट एवं रिजोनेंस इंस्टीट्यूट के काउंसलर मन्दीप मलिक, शिवम मिश्रा, उदित शर्मा, शहनवाज अहमद, बादल सिंह, नितिन कुमार सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को बच्चों के आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts