टी-20 वर्ल्ड कप में डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने जीत के साथ अपने अभियान का शानदार आगाज किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव की तूफानी और नाबाद 84 रन की पारी ने न सिर्फ टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि उन्होंने पूर्व कप्तान विराट कोहली का एक अहम रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। यह उपलब्धि उन्होंने टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में हासिल कर इतिहास रच दिया।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम दबाव में नजर आ रही थी, लेकिन कप्तान सूर्या ने जिम्मेदारी संभालते हुए आक्रामक और समझदारी भरी बल्लेबाजी की। उन्होंने 360 डिग्री शॉट्स, बेहतरीन टाइमिंग और मैदान के चारों ओर लगाए गए आकर्षक स्ट्रोक्स से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी 84 रन की नाबाद पारी ने भारत को सम्मानजनक ही नहीं बल्कि मुकाबला जिताने वाला स्कोर दिलाया।
गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने भी शानदार प्रदर्शन किया। सिराज ने अपनी धारदार गेंदों से विपक्षी बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी और 29 रन देकर 3 अहम विकेट झटके। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग ने विरोधी टीम को लगातार दबाव में रखा, जिससे भारत की जीत आसान हो गई।ऑल-राउंड प्रदर्शन के चलते कप्तान सूर्यकुमार यादव को मैच के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी कप्तानी, आक्रामक सोच और मैदान पर ऊर्जा ने साफ संकेत दे दिया है कि भारत इस बार भी खिताब बचाने के इरादे से उतरा है।















