भास्कर न्यूज़ उतर प्रदेश उत्तराखंड
मुजफ्फरनगर अजय मिश्र सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा विशेष कैम्प का आयोजन किया गया जिसमें स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच की गई। यह कैम्प कार्यालय सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा आयोजित किया गया और इसमें 30 से अधिक स्कूली वाहनों को संबंधित विद्यालयों द्वारा फिटनेस परीक्षण के लिए प्रस्तुत किया गया।
वाहनों की जांच संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) श्रीमती नीतू शर्मा द्वारा की गई। निरीक्षण के दौरान 30 वाहनों को मानक के अनुरूप पाया गया, जबकि कुछ वाहन मानकों पर खरे नहीं उतरे। उन वाहनों के विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्दिष्ट कमियों को ठीक करके और मानक के अनुसार अपने वाहनों को पुनः फिटनेस परीक्षण के लिए प्रस्तुत करें, ताकि यदि फिटनेस मानकों को पूरा किया जाए तो नियमानुसार फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किया जा सके। इस विशेष अभियान की सफलता में मीडिया कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने कैम्प के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया और विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में योगदान दिया। इसके परिणामस्वरूप, कैम्प में बड़ी संख्या में स्कूली वाहन उपस्थित हुए। जिन वाहन स्वामियों ने आज के कैम्प में अपनी गाड़ियों को फिटनेस जांच के लिए प्रस्तुत नहीं किया, उन्हें अगले कार्यदिवसों में स्लॉट बुक कर वाहन की फिटनेस जांच कराने की सुविधा उपलब्ध है। सभी वाहन स्वामियों से अपील की गई है कि वे किसी भी ऐसे वाहन का संचालन न करें जो फिटनेस या परमिट मानकों को पूरा न करता हो, क्योंकि ऐसा करना जनजीवन के लिए खतरनाक हो सकता है और दण्डनीय है। संबंधित वाहन स्वामी इस संबंध में पूरी तरह से जिम्मेदार होंगे।
















