नागपुर में हाल ही में हुई हिंसा के कथित मास्टरमाइंड और माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता फहीम खान के अवैध रूप से निर्मित घर पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है। यह कार्रवाई संजय बाग कॉलोनी स्थित दो मंजिला मकान पर की गई, जो फहीम की पत्नी जहिरुन्निसा के नाम पर पंजीकृत है और लगभग 86.48 वर्ग मीटर में फैला हुआ है। नागपुर नगर निगम (NMC) ने 21 मार्च को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर अवैध निर्माण को स्वयं हटाने का निर्देश दिया था, लेकिन निर्धारित समय में कार्रवाई न होने पर प्रशासन ने आज सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कदम उठाया।
फहीम खान पर आरोप है कि उन्होंने 17 मार्च को नागपुर में हिंसा भड़काने में मुख्य भूमिका निभाई थी, जिसमें कई पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घायल हुए थे। वर्तमान में फहीम पुलिस हिरासत में हैं, और उनके खिलाफ राजद्रोह सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं।
इस कार्रवाई के दौरान, प्रशासन ने इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया। यह पहली बार है जब NMC ने किसी हिंसा आरोपी की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया है, जो प्रशासन की अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख को दर्शाता है।















